लखनऊ : Uttar Pradesh जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन का 22वाँ विशाल भंडारा संपन्न . ज्येष्ठ माह के बड़े मंगल के अवसर पर उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन द्वारा आयोजित 22वां विशाल भंडारा इस वर्ष भी श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का अनूठा संदेश देकर संपन्न हुआ।
राजधानी लखनऊ स्थित सूचना एवं जनसंपर्क विभाग परिसर के मुख्य द्वार पर आयोजित इस भव्य कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने किया।
भंडारे में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हजारों लोगों ने प्रसाद ग्रहण कर संकट मोचन बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।

आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। हिंदू-मुस्लिम एकता की मिसाल पेश करते हुए सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर सेवा कार्यों में योगदान दिया।
आयोजन के दौरान “क्लीन, ग्रीन एंड हेल्दी लखनऊ” अभियान को भी बढ़ावा दिया गया। पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा शिविर का भी आयोजन किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं।

इसके साथ ही जरूरतमंद परिवारों को राशन किट तथा मेधावी विद्यार्थियों को स्कूल बैग वितरित किए गए। भंडारे में राजनीतिक, सामाजिक, प्रशासनिक, साहित्यिक और पत्रकारिता जगत की अनेक प्रमुख हस्तियों ने सहभागिता की।
आयोजन की सफलता में पत्रकार संगठन के पदाधिकारियों, सदस्यों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि समाज में भाईचारा, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने का एक सार्थक प्रयास है। कार्यक्रम ने एक बार फिर सामाजिक एकता और सौहार्द का प्रेरक संदेश दिया।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




