भिवंडी : तालुका के खरबाव चिंचोटी रोड स्थित खरडी गांव में सोमवार देर रात दो युवकों की नृशंस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतकों की पहचान भाजपा युवा मोर्चा ठाणे ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष प्रफुल्ल तांगड़ी और उनके सहयोगी तेजस तांगड़ी के रूप में हुई है।
दोनों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, रात लगभग 11 बजे प्रफुल्ल और तेजस, जेडीटी एंटरप्राइजेज कार्यालय से निकलकर घर लौट रहे थे,
तभी घात लगाए हमलावरों ने उन पर अचानक हमला बोल दिया। हमले की बर्बरता को देखते हुए इसे पूरी तरह से योजनाबद्ध साजिश माना जा रहा है।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए स्वर्गीय इंदिरा गांधी उपजिला अस्पताल भेजा गया, जहां भारी पुलिस बल और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी देखी गई। मृतक के चचेरे भाई उमेश तांगड़ी ने हत्या का आरोप विक्की म्हात्रे, जितेश गवली और अन्य साथियों पर लगाते हुए कहा कि इस हत्या के पीछे व्यावसायिक दुश्मनी और राजनीतिक संरक्षण शामिल है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी विक्की म्हात्रे को सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा का संरक्षण प्राप्त है। इससे पहले भी प्रफुल्ल तांगड़ी पर हमले की दो कोशिशें हो चुकी थीं, जिसमें 2022 में हुई गोलीबारी भी शामिल है।
पुलिस ने उमेश तांगड़ी की शिकायत पर कुल 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस उपाधीक्षक राहुल झाल्टे और वरिष्ठ निरीक्षक हर्षवर्धन बर्वे ने परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद शव परिजनों को सौंपा गया।
भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश पाटिल ने घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि “हमने एक ईमानदार और कर्मठ कार्यकर्ता को खो दिया है। हम न्यायपालिका और कानून व्यवस्था में विश्वास रखते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे वह कितनी भी राजनीतिक पहुंच रखते हों। सांसद सुरेश म्हात्रे ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आरोप राजनीति से प्रेरित हैं और पुलिस को निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे खरडी गांव में दहशत का माहौल है और क्षेत्र में भारी पुलिस बंदोबस्त जारी है।

Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।