कुशीनगर : स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मथौली नगर पंचायत कार्यालय से “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत एक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
इस आयोजन का नेतृत्व नगर पंचायत अध्यक्ष नवरंग सिंह ने किया। देशभक्ति से ओतप्रोत इस यात्रा में नगरवासी पूरे जोश और उत्साह के साथ शामिल हुए। यात्रा की शुरुआत स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए नगर पंचायत कार्यालय से हुई।
जनप्रतिनिधियों ने उनके स्मारक पर माल्यार्पण कर राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। इसके पश्चात तिरंगा यात्रा नगर के मुख्य चौराहे, पेट्रोल पंप, हरिओम चौक होते हुए पुनः नगर पंचायत कार्यालय पर सम्पन्न हुई।
यात्रा में भाजपा जिला महामंत्री राणा प्रताप राव, भाजपा मंडल अध्यक्ष अदालत प्रसाद आर्य सहित बड़ी संख्या में वार्ड सभासद, महिलाएं, युवा और स्कूली बच्चे शामिल हुए।
सभी प्रतिभागी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लिए “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम” के नारों से वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंगते रहे।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों जैसे कि विरेंद्र पांडेय, किरण गुप्ता, रविंद्र सैनी, प्रिंस जायसवाल, हेमंत सिंह, मानवेन्द्र सिंह, ब्रजेश उपाध्याय, दिनेश राव, सुरेश उपाध्याय, विजय प्रताप सिंह, अनिल शर्मा, और अन्य सहयोगियों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी भव्यता प्रदान की।
नगर पंचायत अध्यक्ष नवरंग सिंह ने कहा कि “हर घर तिरंगा” अभियान राष्ट्र की एकता और अखंडता का प्रतीक है, जिसे जन-जन तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य है। यह आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को जाग्रत करने का सशक्त माध्यम बन रहा है।

Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।