रामसनेहीघाट बाराबंकी : Ram Navami पर अयोध्या में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कड़ा एक्शन लिया है। बाराबंकी-अयोध्या बॉर्डर पर चौकसी बढ़ा दी गई है,
वहीं लखनऊ-अयोध्या हाईवे (NH-27) पर बड़ा ट्रैफिक डायवर्जन लागू कर दिया गया है। रामसनेहीघाट क्षेत्र के दिलोना मोड़ से अयोध्या की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।
अब इन वाहनों को भिटरिया चौराहा होते हुए हैदरगढ़ मार्ग से उनके गंतव्य की ओर भेजा जा रहा है। भिटरिया चौराहे पर पुलिस की सख्ती देखने को मिल रही है,
जहां अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को रोककर वैकल्पिक मार्ग पर डायवर्ट किया जा रहा है। वहीं, जो चालक हैदरगढ़ मार्ग से नहीं जाना चाहते, उनके लिए हाईवे किनारे और आसपास के खुले मैदानों में अस्थायी पार्किंग की सुविधा भी तैयार की गई है।

एसडीएम अनुराग सिंह के मुताबिक, यह व्यवस्था श्रद्धालुओं की सुरक्षा और ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए की गई है। उन्होंने लोगों से अपील की है
कि प्रशासन द्वारा तय रूट का पालन करें और सहयोग बनाए रखें। गौरतलब है कि रामनवमी पर अयोध्या में भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर भव्य आयोजन होते हैं।
सरयू स्नान, पूजा-अर्चना और झांकियों के लिए देशभर से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे यातायात और सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती बन जाती है।

प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सख्ती के साथ व्यवस्थाएं लागू की गई हैं, ताकि रामनवमी का पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



