रायबरेली : High Speed का कहर,एक बाइक सवार की मौत,तीन गंभीर . सलोन जायस रोड पर डीह थाना क्षेत्र की परसदेपुर पुलिस चौकी के अंतर्गत जगत पुर के पास मंगलवार देर रात करीब 11:30 बजे तेज रफ्तार दो मोटर साइकिलों की भीषण टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सलोन की ओर से नसीराबाद बाइक से जा रहे श्रीलाल पुत्र छंगू निवासी कुंडवारा थाना मंगापुर, जनपद प्रतापगढ़ और मुकेश पुत्र अर्जुन प्रसाद निवासी शुक्लपुर रामपुर बावली थाना संग्रामगढ़, जनपद प्रतापगढ़ की बाइक नसीराबाद से सलोन की ओर जा रहे अभिषेक पुत्र भोला निवासी विजयी का पुरवा थाना मंगापुर, जनपद प्रतापगढ़ तथा अमित पुत्र रामसजीवन निवासी हाजीपुर थाना डीह, जनपद रायबरेली की मोटर साइकिल आमने सामने टकरा गई।
राहगीरों के द्वारा इस भीषण दुर्घटना की जानकारी होते ही परशदे पुर चौकी प्रभारी मोहित शर्मा मौके पर पहुंचे और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नसीराबाद भेजा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. आशीष कुमार ने घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए सभी को जिला चिकित्सालय रायबरेली रेफर कर दिया।
जहां चिकित्सकों ने अमित कुमार को मृत घोषित कर दिया। ताजा जानकारी के अनुसार मुकेश की हालत नाजुक देखते हुए मुकेश को लखनऊ रेफर कर दिया गया है।

मृतक अमित हाजीपुर ग्राम प्रधान राम सजीवन का पुत्र था। दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया और बताया कि मामले में तहरीर मिलने पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



