मुंबई : Deshbhar में छात्रों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार की परीक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। सोमवार को घाटकोपर (पूर्व) स्थित बाल्कनजी बारी हॉल में ईशान्य मुंबई जिला कांग्रेस समिति की ओर से पत्रकार वार्ता आयोजित की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष केतन शाह ने की, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पत्रकार वार्ता के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता चरण सिंह सप्रा ने कहा कि देश की वर्तमान शिक्षा और परीक्षा प्रणाली युवाओं के भविष्य को लेकर चिंता पैदा कर रही है।
उनका आरोप था कि पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं ने छात्रों का भरोसा कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की आवश्यकता है
ताकि मेहनत करने वाले विद्यार्थियों को न्याय मिल सके। सप्रा ने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार करने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की मांग की।
उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री की नैतिक जिम्मेदारी तय करने की भी बात कही। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली की समीक्षा कर अधिक विश्वसनीय और निष्पक्ष परीक्षा तंत्र लागू करने की मांग दोहराई।
उनका कहना था कि पार्टी छात्रों के हितों की रक्षा और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित कराने के लिए लगातार आवाज उठाती रहेगी।

कार्यक्रम में मौजूद अन्य नेताओं ने भी कहा कि “देश में गूंजेगी छात्रों की गूंज” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के अधिकार, समान अवसर और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के समर्थन में चलाया जा रहा जनआंदोलन है, जिसे आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर और व्यापक रूप दिया जाएगा।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



