गोण्डा : Cyber Strike गोण्डा पुलिस ने ठगी गिरोह के पांच सदस्य पकड़े . साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में गोण्डा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश किया है।
कोतवाली देहात पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने पांच सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस ने गिरोह से जुड़े करीब 3.20 करोड़ रुपये की संदिग्ध धनराशि को फ्रीज कराया है।
जांच में सामने आया कि आरोपी बेरोजगार युवाओं को नौकरी का झांसा देकर उनके नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद खाते, एटीएम और ऑनलाइन बैंकिंग की जानकारी अपने कब्जे में लेकर इनका इस्तेमाल साइबर अपराधों से प्राप्त रकम के लेन-देन में करते थे।
पुलिस के अनुसार, इन खातों के जरिए डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश ठगी, सेक्सटॉर्शन और अन्य साइबर अपराधों की रकम को इधर-उधर किया जाता था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मोबाइल फोन, सिम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, फर्जी दस्तावेज, बैंकिंग रिकॉर्ड, मोहर और वाहन सहित कई अहम सामान बरामद किए हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी एक बड़े साइबर नेटवर्क का हिस्सा हो सकते हैं। पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, फर्जी दस्तावेजों और अलग-अलग राज्यों में फैले नेटवर्क की जांच की जा रही है।
गोण्डा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति को नौकरी या अन्य लालच में अपने बैंक खाते और दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल न करने दें। साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



