कुशीनगर : 34 Crore की साइबर ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार . प्रदेशव्यापी अभियान ‘साइ-वज्र (Cy-Vazra)’ के तहत कुशीनगर पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के खिलाफ एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज 122 शिकायतों में करीब 34.75 करोड़ रुपये की साइबर धोखाधड़ी सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में साइबर क्राइम सेल ने बुधवार देर रात रामकोला क्षेत्र से अरविंद कुमार पाण्डेय और सुरेश कुशवाहा को गिरफ्तार किया।
इनके कब्जे से एक वैगनआर कार, दो लैपटॉप, चार मोबाइल, छह एटीएम कार्ड, 11 सिम, छह पासबुक, चार चेकबुक, आधार व पैन कार्ड, तीन मोहरें तथा 1.00 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
जांच में पता चला कि आरोपी लोगों को ऑनलाइन निवेश व ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाते थे। इसके बाद एटीएम, चेकबुक और अन्य बैंकिंग दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर देशभर में साइबर ठगी की रकम उन्हीं खातों के माध्यम से निकालते थे।

शिकायत होने पर खाते बदलकर नए लोगों को जाल में फंसाते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह करीब दो दर्जन म्यूल अकाउंट का इस्तेमाल कर रहा था।
इस मामले में साइबर क्राइम थाना में बीएनएस और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से किसी के बहकावे में आकर अपना बैंक खाता, एटीएम या बैंकिंग दस्तावेज किसी अन्य को न सौंपने की अपील की है।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



