बलरामपुर : निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर धरना–प्रदर्शन किया।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने संतोषी माता मंदिर से कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित उठ रहे सवालों की स्वतंत्र जांच, फॉर्म-6 में कथित बदलावों की संवैधानिक और कानूनी समीक्षा तथा मतदाता सूची से जुड़े मामलों की निष्पक्ष पड़ताल कराने की मांग की गई।
श्रावस्ती के सांसद राम शिरोमणि वर्मा और गैसड़ी के विधायक राकेश यादव समेत पार्टी नेताओं ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से हटाए गए नामों का विशेष ऑडिट कराने की मांग उठाई।
उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त से संबंधित मामलों में जांच और आवश्यक संवैधानिक कार्रवाई की मांग भी ज्ञापन में शामिल की।
प्रदर्शन के दौरान सपा नेताओं ने कहा कि मतदाता सूची की विश्वसनीयता और चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के भरोसे के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने संबंधित आरोपों की स्वतंत्र जांच कराने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष मणिक लाल कश्यप, पूर्व विधायक, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के जरिए पार्टी ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े मुद्दों को प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति तक पहुंचाने का प्रयास किया।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




