मसौली बाराबंकी : राज्य परियोजना टीम ने पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय करपिया व कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय का किया गहन निरीक्षण. ब्लॉक क्षेत्र के पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय करपिया एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मसौली में केंद्रीय निरीक्षण टीम के आगमन के अवसर पर शैक्षिक एवं भौतिक तैयारियों का गहन अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान राज्य परियोजना कार्यालय के उप निदेशक/राज्य परियोजना प्रभारी पीएम श्री विद्यालय नंद कुमार तथा उप निदेशक बालिका शिक्षा मुकेश कुमार सिंह ने विद्यालयों की व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया।
पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय करपिया में निरीक्षण के दौरान नंदकिशोर गुप्ता ने समस्त शिक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की।बैठक में अध्ययन-अध्यापन की गुणवत्ता, शिक्षण विधियों, नवाचारों एवं पठन-पाठन की प्रगति को लेकर प्रश्नोत्तर के माध्यम से गहन चर्चा की गई।
इसके उपरांत उन्होंने विद्यालय परिसर का भ्रमण करते हुए खेल मैदान का निरीक्षण किया तथा पुष्प वाटिका व औषधीय वाटिका की व्यवस्थाओं को देखकर विद्यालय के प्रयासों की सराहना की।
वहीं उप निदेशक बालिका शिक्षा मुकेश कुमार सिंह ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मसौली का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने छात्रावास, कक्षाओं, भोजन व्यवस्था, स्वच्छता एवं शैक्षिक वातावरण का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए विद्यालय परिवार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे बालिकाओं के सर्वांगीण विकास को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

निरीक्षण उपरांत उप निदेशक बालिका शिक्षा ने कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में बालिकाओं के साथ भोजन कर संवेदनशीलता, सहभागिता एवं प्रेरणादायी नेतृत्व का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर निरीक्षण टीम के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार पाठक, डीसी पुनीत मणि त्रिपाठी, खंड शिक्षा अधिकारी मसौली जैनेंद्र कुमार गुप्ता, विद्यालय प्रधानाध्यापक एसआरजी अवधेश कुमार पांडे, वरिष्ठ एआरपी आदित्य कुमार वर्मा, एआरपी राजेश कुमार यादव, वार्डेन डॉ. विभा मिश्रा, संजय श्रीवास्तव, आरती मिश्रा, बृजेश मौर्य सहित अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




