रामसनेहीघाट बाराबंकी : SIR पर कमिश्नर की पैनी नजर, खुद बैठकर की सुनवाई . स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) अभियान की जमीनी हकीकत परखने के लिए अयोध्या परिक्षेत्र के कमिश्नर राजेश कुमार ने मंगलवार को बनीकोडर विकास खण्ड का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी भी उनके साथ मौजूद रहे। कमिश्नर दोपहर करीब 1:00 बजे ब्लॉक कार्यालय पहुंचे और एसआईआर के अंतर्गत चल रही सुनवाई प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया।
ईआरओ की भूमिका निभा रहे खण्ड विकास अधिकारी डॉ. विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि अब तक 30 प्रकरणों की सुनवाई की जा चुकी है। जिन मामलों में दस्तावेजों की आवश्यकता है,
उन्हें मौके पर ही अपलोड कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कमिश्नर ने स्वयं कंप्यूटर पर अपलोड किए गए फॉर्म, फोटो एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की।

इसी दौरान अश्विनी कुमार नामक व्यक्ति सुनवाई के लिए उपस्थित हुए। कमिश्नर ने उनकी व्यक्तिगत रूप से सुनवाई करते हुए दस्तावेजों का परीक्षण किया।
अश्विनी कुमार ने बताया कि उनकी बहू कोमल को एसआईआर से संबंधित नोटिस प्राप्त हुआ था, जिसके अनुपालन में वे सुनवाई के लिए आए हैं।
दस्तावेज प्रस्तुत न किए जाने पर कमिश्नर के सवाल के जवाब में अश्विनी कुमार ने बताया कि मैपिंग के दौरान बीएलओ द्वारा दस्तावेजों की मांग नहीं की गई थी,
जिससे उन्हें इसकी जानकारी नहीं हो सकी। इसके पश्चात डॉ. विनय कुमार मिश्रा ने फोटो सहित सेव किए गए फॉर्म और दस्तावेज अपलोडिंग की तकनीकी प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।
व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए कमिश्नर राजेश कुमार ने अधिकारियों को पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्धता के साथ कार्य करने के सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के अंतर्गत प्राप्त सभी आवेदन व आपत्तियों का गंभीरता से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह, नायब तहसीलदार सुधाकर पांडेय सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कमिश्नर को एसआईआर अभियान की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




