कुशीनगर : नारी सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति का पांचवां चरण 22 सितंबर से 24 दिसंबर 2025 तक संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सेवरही थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत रकबा दुलमापट्टी स्थित कंपोजिट विद्यालय भगवानपुर में सेवरही पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने छात्राओं को जागरूक किया।
छात्राओं को संबोधित करते मिशन शक्ति टीम के एसआई राजेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस अभियान के माध्यम से महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक व मानसिक सशक्तिकरण को जोड़ने का लक्ष्य तय किया है।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि प्रत्येक महिला सुरक्षित माहौल में आत्मनिर्भर बने और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत साबित हो।
हर माता व हर बेटी सुरक्षित, सम्मानित व आत्मनिर्भर बने। इसी दिशा में मिशन शक्ति की पहल की जा रही है।
महिला कांस्टेबल नीलू कुमारी ने छात्राओं को सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए कहा कि 1090 वीमेन पॉवर लाइन, 1098 चाइल्ड लाइन, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा, 108 एम्बुलेंस सेवा, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा व 102 गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस हेल्पलाइन नंबर हैं।
उन्होंने छात्राओं से कहा कि इन सेवाओं की जानकारी प्रत्येक बालिका को होनी चाहिए ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता ली जा सके।

मिशन शक्ति के इस चरण के साथ सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के मंत्र को महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में सार्थक रूप से लागू कर रही है।
कार्यक्रम में एसआई राजेंद्र सिंह, एसआई रवींद्र यादव, कांस्टेबल आनंद कुमार राय, रमेश यादव, शिक्षकगण नन्हे प्रसाद, धनन्जय मिश्र, ब्रजेश सिंह, अनीता कुशवाहा, छात्राएं निभा, नीलू, बंधन, सजरुन, शबाना, ब्यूटी आदि उपस्थित रहे।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



