बाराबंकी : चार साल की बच्ची की छोटी-सी फरियाद ने प्रशासन का ध्यान उस बड़ी समस्या की ओर खींच दिया, जिससे स्थानीय लोग लंबे समय से परेशान थे।
नबीनगंज की रहने वाली आयशा ने कैमरे के सामने ‘डीएम अंकल’ से अपने घर के पास की खराब सड़क दुरुस्त कराने की अपील की थी। आयशा ने बताया कि बारिश के दौरान सड़क के गड्ढों में पानी भर जाता है
और स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। बच्ची की मासूम अपील का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह तक पहुंचा।
डीएम के निर्देश पर एसडीएम नवाबगंज गूंजीता जायसवाल बुधवार को जेसीबी लेकर नबीनगंज पहुंचीं। मौके का जायजा लेने के बाद सड़क के गड्ढों को भरने और रास्ते को आवागमन योग्य बनाने का काम शुरू कराया गया।
प्रशासन के मुताबिक, फिलहाल गड्ढों को भरने का कार्य कराया जा रहा है। इसके बाद सड़क पर आवश्यक पीवीसी कार्य भी कराया जाएगा।
कार्रवाई के बाद डीएम ने आयशा से मुलाकात की और उसे चॉकलेट देकर प्यार से बात की। बच्ची के चेहरे पर आई मुस्कान इस पूरी घटना का सबसे भावुक पहलू बन गई।
चार वर्षीय आयशा ने किसी लिखित शिकायत के बजाय अपनी बात सीधे अधिकारियों तक पहुंचाई और उसकी आवाज पर प्रशासन ने तत्काल कदम उठाया।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।






