छितौनी कुशीनगर : गुरुवार दोपहर गडौरा चीनी मिल के क्रय केंद्रों पर समुचित गन्ना उठान न होने से नाराज़ किसानों ने गन्ना लदी ट्रालियों के साथ समिति परिसर पहुंचकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष आनंद तिवारी ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि क्रय केंद्रों के आवंटन में किसानों की मांगों को पूरी तरह नज़रंदाज़ कर दिया गया।
विरोध के बावजूद खड्डा और छितौनी सर्किल के नौ क्रय केंद्रों का आवंटन गडौरा चीनी मिल को कर दिया गया, जबकि अब मिल बार-बार बंद हो रही है और उठान बाधित हो रहा है।
किसानों ने बताया कि क्रय केंद्रों पर उनकी ट्रालियां तीन से चार दिनों तक खड़ी रहती हैं, फिर भी समय पर तौल नहीं हो पाती। इससे गन्ने की गुणवत्ता प्रभावित होने के साथ आर्थिक नुकसान भी बढ़ रहा है।
किसानों ने गडौरा मिल प्रबंधन पर उदासीनता का आरोप लगाते हुए मांग की कि खड्डा और छितौनी सर्किल के सभी नौ क्रय केंद्रों की गन्ना आपूर्ति कुशीनगर जनपद में संचालित किसी अन्य चीनी मिल को सौंप दी जाए, ताकि समय पर उठान सुनिश्चित हो सके और किसानों को राहत मिले।

प्रदर्शन में राजू मल्ल, सत्तन साहनी, उमेश गुप्ता, रामकृपाल पासवान, एकरामुल हक समेत दर्जनों किसान मौजूद रहे, जिन्होंने एक स्वर में उठान व्यवस्था सुधारने की मांग की।
किसानों का कहना है कि लगातार बंद मिल और अव्यवस्थित उठान के कारण क्रय सीजन की शुरुआत से ही परेशानी बढ़ती जा रही है।
इस संबंध में छितौनी के जेष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक पवन कुमार पटेल ने बताया कि किसानों की समस्याओं से उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि किसानों के बयानों और मौके की स्थिति के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) को भेजी जाएगी, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके। लगातार बढ़ती अव्यवस्था से आक्रोशित किसान प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग कर रहे हैं।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




