बलरामपुर : नगर स्थित अंग्रेज़ी माध्यम डिवाइन पब्लिक स्कूल में 14 नवंबर को पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय प्रांगण में बच्चों द्वारा भव्य बाल मेले का आयोजन किया गया,
जिसमें छात्रों ने अपनी रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्रावस्ती श्री दद्दन मिश्र रहे।
उन्होंने मां सरस्वती एवं स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर मेले का शुभारंभ किया। उद्घाटन के उपरांत उन्होंने बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न आकर्षक स्टॉलों का निरीक्षण किया।
मुख्य अतिथि ने बच्चों द्वारा तैयार खाद्य सामग्री एवं विभिन्न प्रोजेक्ट्स की खुले दिल से सराहना की और उनके उत्साह को बढ़ाया। मेले में विद्यालय प्रबंधन द्वारा लकी ड्रॉ कूपन भी रखा गया, जिसकी कीमत मात्र ₹50 निर्धारित थी।

लकी ड्रॉ का परिणाम शाम 6 बजे वरिष्ठ पत्रकार अखिलेश्वर तिवारी द्वारा निकाला गया। कक्षा 1 के छात्र आदित्य वर्मा विजेता घोषित हुए, जिन्हें पुरस्कारस्वरूप एक सुंदर नई साइकिल भेंट की गई।
यह पल बच्चों और अभिभावकों दोनों के लिए बेहद खुशियों से भरा रहा। अभिभावकों व आगंतुकों के मनोरंजन के लिए लोकगीत, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, खेलकूद और विविध व्यंजन स्टॉल भी लगाए गए, जिनका सभी ने भरपूर आनंद उठाया।
मेले में बच्चों की सहभागिता और अभिभावकों का उत्साह लगातार उत्सव का माहौल बनाए रहा। अपने उद्बोधन में मुख्य अतिथि दद्दन मिश्र ने कहा “डिवाइन पब्लिक स्कूल का उद्घाटन मेरे ही कर-कमलों से हुआ था, और आज यह संस्था एक विशाल वृक्ष की तरह फल-फूल रही है।
इसका श्रेय विद्यालय प्रबंधक आशीष उपाध्याय और उनकी टीम के अथक परिश्रम को जाता है।”कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, अभिभावकों तथा छात्र-छात्राओं का विशेष सहयोग रहा।

अंत में विद्यालय के प्रबंधक आशीष उपाध्याय ने सभी अतिथियों, अभिभावकों और बच्चों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




