मथुरा : ब्रज तीर्थ देवालय न्यास के तत्वावधान में 15 अक्टूबर बुधवार को ऐतिहासिक अक्षत महोत्सव का आयोजन सायं 3 से 6 बजे तक श्री श्रीजी बाबा विद्यालय, गोवर्धन रोड, मथुरा में किया जाएगा। इस आयोजन से सनातन एकता पदयात्रा के आमंत्रण अभियान का शुभारंभ होगा।
इस संबंध में आयोजित प्रेस वार्ता में ब्रज तीर्थ देवालय न्यास के अध्यक्ष रमाकांत गोस्वामी ने बताया कि 7 से 16 नवंबर तक श्री बागेश्वर धाम–श्री बांके बिहारी मिलन, सनातन एकता पदयात्रा दिल्ली से वृंदावन तक निकाली जाएगी।
इस पदयात्रा में बागेश्वर धाम सरकार आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लाखों भक्तों और सनातनियों के साथ एकजुटता का संदेश लेकर चलेंगे। श्री गोस्वामी ने कहा कि इस यात्रा को सफल बनाने के उद्देश्य से अक्षत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।
न्यास के संरक्षक आचार्य मृदुलकांत शास्त्री एवं महामंत्री आर. के. पांडे ने बताया कि 15 अक्टूबर का यह आयोजन ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व होगा। इसमें ब्रज के समस्त प्राचीन देवालयों के सेवायतजन, मथुरा जिले के सभी 543 ग्राम प्रधान, प्रमुख सामाजिक संस्थाएँ तथा सनातनी संगठन शामिल होंगे।
पूज्य श्री बागेश्वर धाम सरकार स्वयं इन सभी प्रतिनिधियों को पीले अक्षत, सुपारी और आमंत्रण पत्रक प्रदान करेंगे। इसके माध्यम से यात्रा का आमंत्रण पूरे ब्रजमंडल के घर-घर तक पहुँचाया जाएगा।मुख्य व्यवस्थापक सुमंत कृष्ण शास्त्री और ब्रज सेवा फाउंडेशन के राहुल बंसल ने बताया कि कार्यक्रम में प्रवेश केवल पास द्वारा होगा।
यह पास एमएमआई सॉफ्टवेयर कंपनी, गोवर्धन चौराहा, मथुरा से निशुल्क प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में लगभग 7 से 8 हजार लोगों की सहभागिता होने की संभावना है।

Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।