अहमदपुर बाराबंकी : 12th Muharram का मेहंदी जुलूस, ‘या हुसैन’की सदाओं से गूंजा अहमदपुर . कस्बा अहमदपुर में बारहवीं मोहर्रम की रात अकीदत, गम और कर्बला के शहीदों की याद में डूबी रही।
हजरत कासिम की शहादत की याद में निकला मेहंदी का जुलूस पूरी रात “या हुसैन-या हुसैन” की सदाओं से गूंजता रहा। हजारों की संख्या में बच्चे, बुजुर्ग, नौजवान और अकीदतमंद जुलूस में शामिल हुए तथा मातमी नोहे पढ़कर कर्बला के शहीदों को खिराज-ए-अकीदत पेश की।
रविवार रात करीब दस बजे भीतरी चौक पर मेहंदी का जुलूस एकत्र हुआ। यहां से पस्टोलवा होते हुए जुलूस मोमिन चौक पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने इसका स्वागत किया।

इसके बाद चंदा मामा चौक, बाजार और मोहल्ला उत्तर चौक पहुंचा वहां भी बड़ी संख्या में लोगों ने इस जुलूस का स्वागत किया, उत्तर चौक से होकर जुलूस पुनः भीतरी चौक पहुंचा, जहां सोमवार सुबह करीब चार बजे इसका समापन हुआ।
जुलूस के दौरान विभिन्न स्थानों पर मजलिसों का आयोजन किया गया। अकीदतमंदों ने शर्बत, चाय, खिचड़ा, पुलाव एवं अन्य खाद्य सामग्री वितरित कर इंसानियत और भाईचारे का संदेश दिया।
लेजिम, ढोल-ताशे और ऊंट के साथ निकला मेहंदी का जुलूस आकर्षण का केंद्र बना रहा। पूरी रात कस्बे की गलियां मातमी धुनों और नौहाख्वानी से गूंजती रहीं।
श्रद्धालुओं ने कर्बला के शहीदों को याद करते हुए मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। जुलूस को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा।
जैदपुर थाना प्रभारी संतोष सिंह, के निर्देशन में चौकी प्रभारी संतोष मौर्य, कांस्टेबल सुजीत कुमार, शुभम कुमार, तरुण कुमार सहित भारी पुलिस बल पूरी रात संवेदनशील स्थानों पर तैनात रहा।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस की सतर्कता और लगातार निगरानी के कारण पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्था और जनता के सहयोग से बारहवीं मोहर्रम का मेहंदी जुलूस सकुशल संपन्न हो गया।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



