रामसनेहीघाट बाराबंकी : Minister of State सतीश चंद्र शर्मा ने सौंपे 411 पीएम आवास . प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी-2 के अंतर्गत मंगलवार को रामसनेहीघाट नगर पंचायत परिसर में भव्य आवास वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने नगर पंचायत रामसनेहीघाट के 389 तथा दरियाबाद नगर पंचायत के 22 लाभार्थियों को आवास की चाबी सौंपते हुए उनके सपनों को साकार किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार गरीब, किसान और जरूरतमंदों के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं अब कागजों तक सीमित नहीं, बल्कि जमीन पर प्रभावी रूप से दिखाई दे रही हैं। राज्यमंत्री ने बताया कि देशभर में 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा और 12 करोड़ किसानों को सालाना 6-6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

पिछले 11 वर्षों में 4 करोड़ से अधिक आवास उपलब्ध कराकर गरीबों का वर्षों पुराना सपना पूरा किया गया है। उन्होंने बताया कि 20 दिसंबर 2020 को रामसनेहीघाट नगर पंचायत के गठन के बाद से विकास को गति दी गई है। क्षेत्र में कल्याण मंडप, बस स्टेशन समेत कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए जा चुके हैं
और शेष प्रस्तावों को भी स्वीकृत कराने का प्रयास जारी है। राज्यमंत्री ने लाभार्थियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति आवास दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है
तो उसकी तत्काल शिकायत उपजिलाधिकारी से करें। सरकार की योजनाएं पूरी तरह पारदर्शी हैं और इसमें किसी प्रकार की दलाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में विवाह सहायता योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि इसके तहत पात्र लाभार्थियों को एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 60 हजार रुपये सीधे खाते में, 25 हजार रुपये का सामान और 15 हजार रुपये भोजन के लिए दिए जाते हैं।
राज्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि भिटरिया–हैदरगढ़ मार्ग का चौड़ीकरण जल्द शुरू होगा। तीन मीटर चौड़ा करने का प्रस्ताव पास हो चुका है,
जिससे क्षेत्र में यातायात और विकास दोनों को मजबूती मिलेगी। कार्यक्रम के समापन पर नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश यादव ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी अनुराग सिंह, मंडल अध्यक्ष नीरज सिंह, पूर्व मंडल अध्यक्ष विवेक तिवारी, ईओ दरियाबाद शीलू अवस्थी, संतोष चौधरी, अभिषेक नयन सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




