कुशीनगर : मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं व महिलाओं को किया गया जागरूक .जनपद में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व सशक्तिकरण को लेकर मिशन शक्ति अभियान को लगातार प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देश पर जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीम द्वारा व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इस अभियान के अंतर्गत गांवों, कस्बों, स्कूलों, कॉलेजों, बस स्टैंड और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जाकर छात्राओं व महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी जा रही है।

टीम द्वारा प्राथमिकता के आधार पर महिला एवं बालिका संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए चौपालों का आयोजन किया जा रहा है, जहां खुलकर संवाद किया जा सके।
मिशन शक्ति के तहत ‘शक्ति दीदी’ के रूप में जुड़कर महिलाओं को सुरक्षित वातावरण देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
जागरूकता कार्यक्रमों में महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, एम्बुलेंस 108, चाइल्ड लाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी दी जा रही है।

इसके साथ ही छात्राओं को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और साइबर हेल्पलाइन 1930 के बारे में सरल भाषा में समझाया गया। कानूनी प्रावधानों, महिला अधिकारों और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए पंपलेट भी वितरित किए गए। इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें जागरूक, सुरक्षित तथा सशक्त बनाना है।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




