कुशीनगर : केंद्र और प्रदेश सरकार जहां ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा कर रही है, वहीं अहिरौली बाजार स्थित विद्यालय और बाजार की बदहाल स्थिति विकास के दावों को आईना दिखा रही है।
शुक्रवार को अहिरौली राय, अहिरौली राजा और गोबरही गांवों के भ्रमण पर निकले कुशीनगर विधायक पीएन पाठक ने क्षेत्र में जनसमस्याओं की जानकारी ली तो उन्हें मौके पर कई खामियां मिलीं।
विधायक ने अहिरौली बाजार स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। विद्यालय परिसर के चारों ओर जलजमाव और गंदगी का अंबार देखकर उन्होंने नाराजगी जताई।
उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह को दूरभाष पर तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने और आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।
विधायक के निर्देश पर पहुंचे बीएसए सिंह ने विद्यालय का निरीक्षण कर जल्द व्यवस्था दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद विधायक ने अहिरौली बाजार का निरीक्षण किया। ग्रामीणों और दुकानदारों ने बाजार के कायाकल्प की मांग रखी।
बाजार में जगह-जगह गंदगी, जाम नालियां और जलजमाव मिला। लंबे समय से जमा पानी से दुर्गंध उठ रही थी, जिससे लोगों ने संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका जताई।
बाजार में बने सार्वजनिक शौचालय की स्थिति भी बदतर मिली। विधायक ने तत्काल जिला पंचायत राज अधिकारी आलोक प्रियदर्शी को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
डीपीआरओ ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक पीएन पाठक ने कहा कि जनता को योजनाओं का लाभ और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
विकास कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पूरे विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास कराया जा रहा है।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




