बाराबंकी : माफिया डॉन मुख्तार अंसारी के करीबी माने जाने वाले अधिवक्ता शोएब किदवई उर्फ बॉबी (50) की शुक्रवार दोपहर बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना कोतवाली नगर क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असेनी मोड़ के पास हुई।
जानकारी के अनुसार, शोएब किदवई लखनऊ से कार द्वारा बाराबंकी लौट रहे थे। हाईवे से करीब 100 मीटर आगे बढ़ते ही बाइक सवार दो हमलावरों ने उनकी कार को घेर लिया और पिस्टल से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने कार पर 15 से अधिक गोलियां चलाईं। घटना के बाद आरोपी अयोध्या की ओर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शोएब को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटनास्थल पर कार में कई स्थानों पर गोलियों के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके को सील कर फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए हैं। घटना की जानकारी मिलने पर आईजी प्रवीण कुमार, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि शोएब के खिलाफ हत्या, रंगदारी और गैंगवार से जुड़े कई मुकदमे दर्ज थे। सूत्रों के अनुसार, मुख्तार अंसारी की मृत्यु के बाद गैंग के भीतर वर्चस्व को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
लखनऊ से ही की जा रही थी निगरानी

पुलिस सूत्रों का कहना है कि शोएब के लखनऊ से निकलते ही उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। हाईवे पर तेज रफ्तार के चलते बदमाश हमला नहीं कर सके, लेकिन जैसे ही उनकी कार सर्विस लेन में उतरी और गति धीमी हुई, हमलावरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक हमलावर ने सामने से फायरिंग की, जबकि दूसरा कार की ड्राइविंग सीट के पास पहुंचकर नजदीक से गोलियां चलाईं।
हत्या के विरोध में अधिवक्ताओं का प्रदर्शन

घटना के विरोध में अधिवक्ताओं ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। इसके बाद बस अड्डे के सामने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने अधिवक्ताओं के प्रतिनिधिमंडल को वार्ता के लिए बुलाया। अधिवक्ताओं ने 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
राजनीतिक गतिविधियों में भी था सक्रिय
शोएब किदवई करीब 15 वर्षों से वकालत कर रहे थे और स्थानीय राजनीति में भी सक्रिय थे। वह बंकी ब्लॉक प्रमुख पद के लिए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव भी लड़ चुके थे।
एम्बुलेंस प्रकरण में भी सामने आया था नाम

पूर्व में मुख्तार अंसारी को पेशी के दौरान प्रयुक्त बुलेटप्रूफ एम्बुलेंस के फर्जी पंजीकरण मामले में भी शोएब का नाम सामने आया था। जांच में एम्बुलेंस के दस्तावेज फर्जी पाए जाने पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



