खड्डा कुशीनगर : खड्डा ब्लॉक की एक ग्राम सभा में बुधवार को सांसद विजय कुमार दूबे ने मनरेगा और राज्य वित्त योजना के तहत लगभग 8.46 लाख रुपये की लागत से बने अन्नपूर्णा भवन का विधिपूर्वक शिलान्यास और भूमि पूजन किया।
इस अवसर पर सांसद ने कहा कि गांव का समग्र विकास ही देश की प्रगति और समृद्धि की कुंजी है। सांसद ने अपने संबोधन में बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं सीधे आम जनता तक पहुंच रही हैं।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के तहत हर जरूरतमंद को आवास, शौचालय, मुफ्त राशन, पीएम-किसान सम्मान निधि, आयुष्मान भारत योजना के तहत स्वास्थ्य सुरक्षा, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन और सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने बताया कि अन्नपूर्णा भवन का निर्माण गांव की सामाजिक और शैक्षिक गतिविधियों को बढ़ावा देगा। कार्यक्रम का संचालन कुणाल राव ने किया,
जबकि ग्राम प्रधान संतोष कुमार और कोटेदार राम प्रकाश चौधरी ने अतिथियों का स्वागत और आभार व्यक्त किया। सांसद की उपस्थिति में वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. निलेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष संतोष मणि त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा अजय गोविंद राव, मंडल अध्यक्ष चंद्र प्रकाश तिवारी, ग्राम प्रधान संघ ब्लॉक अध्यक्ष संग्राम यादव सहित अन्य गणमान्य लोग और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

सांसद ने कहा कि आज भी देश का हृदय ग्रामीण क्षेत्रों में बसता है और उनकी बेहतरी के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार हर संभव प्रयास कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे विकास योजनाओं का सही लाभ उठाएं और गांव के उत्थान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




