सैय्यद जाहिद अली रियासत
मुंबई : भाजपा सांसद निशिकांत दुबे द्वारा महाराष्ट्र का अपमान करने वाले बयान ने पूरे राज्य की अस्मिता को ठेस पहुंचाई है। संसद भवन की लॉबी में उनके इस बयान का प्रतिकार करते हुए कांग्रेस की तीन महिला सांसदों सांसद वर्षा गायकवाड़, सांसद प्रतिभा धानोरकर और सांसद शोभा बच्छाव ने जो साहस दिखाया,
उसके लिए आज मुंबई कांग्रेस की ओर से उनका सार्वजनिक रूप से अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर मुंबई कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का नेतृत्व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता श्री सचिन सावंत ने किया।
मुख्य प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस, अनुसूचित जाति विभाग के मुंबई अध्यक्ष कचरू यादव, महासचिव महेंद्र मुणगेकर, प्रवक्ता निजामुद्दीन राईन, राजेश इंगळे, मंदार पवार, आनंद यादव, के.पी. सिंह, राजेश टेके सहित अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बोलते हुए सचिन सावंत ने कहा, महाराष्ट्र के स्वाभिमान का अपमान करने वालों को संसद में करारा जवाब देने वाली इन रणरागिनी सांसदों ने संपूर्ण महाराष्ट्र की शान और अस्मिता की रक्षा की है।
आज के दौर में संसद में ऐसे साहसी स्वरों की बेहद ज़रूरत है और हम इन पर गर्व करते हैं। मुंबई कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेशचंद्र राजहंस ने कहा भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने महाराष्ट्र की संस्कृति, सभ्यता और सामाजिक चेतना पर जो हमला किया है,
वह अत्यंत पीड़ादायक और असहनीय है। हम इस बयान की घोर निंदा करते हैं और मांग करते हैं कि संसद जैसे पवित्र मंच पर इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ उचित कार्रवाई हो।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में भाजपा सांसद दुबे के बयान का विरोध करते हुए यह संकल्प लिया कि महाराष्ट्र की अस्मिता पर आघात करने वाले हर व्यक्ति का हर मंच पर विरोध किया जाएगा।
मुंबई कांग्रेस की ओर से इन साहसी महिला सांसदों को गौरवपत्र प्रदान कर सम्मानित करने का निर्णय भी लिया गया है।

Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।