मुंबई : SKY Route का विक्रम-1 निजी कक्षीय रॉकेट लॉन्च तैयार . भारत के अंतरिक्ष क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया है, जब स्काई रूट एयरोस्पेस द्वारा विकसित विक्रम-1 रॉकेट को आधिकारिक रूप से प्रक्षेपण के लिए रवाना किया गया।
यह देश का पहला निजी तौर पर निर्मित कक्षीय रॉकेट है, जो भारत की बढ़ती स्पेस टेक्नोलॉजी क्षमता को दर्शाता है। यह रॉकेट हैदराबाद स्थित कंपनी के मैक्स-क्यू परिसर से तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंथ रेड्डी द्वारा झंडी दिखाकर श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के लिए भेजा गया।
इस मौके पर राज्य के आईटी और उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान रॉकेट के पेलोड फेयरिंग को भी औपचारिक रूप से रवाना किया गया, जो उपग्रहों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण संरचना होती है।
मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि को तेलंगाना और देश के लिए एक अहम पड़ाव बताते हुए कहा कि सरकार एयरोस्पेस क्षेत्र में युवाओं को कौशल प्रदान करने और वैश्विक साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि राज्य में मजबूत नीतियां और बुनियादी ढांचा निजी कंपनियों को आगे बढ़ने का अवसर दे रहे हैं। स्काई रूट एयरोस्पेस के सह-संस्थापक और सीईओ पवन कुमार चंदाना ने इस अवसर को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि विक्रम-1 का प्रक्षेपण भारत के निजी अंतरिक्ष उद्योग के लिए नई दिशा तय करेगा।

उनका लक्ष्य उपग्रह प्रक्षेपण को अधिक सुलभ और तेज बनाना है, जिससे वैश्विक बाजार में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी। विक्रम-1 की लॉन्चिंग के साथ स्काई रूट निजी कक्षीय प्रक्षेपण के क्षेत्र में कदम रखने वाली पहली भारतीय कंपनी बन जाएगी। यह मिशन भारत को अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के वैश्विक मानचित्र पर और मजबूत करेगा।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



