देविका भट
नवी मुंबई : नवी मुंबई के संवेदनशील मैंग्रोव वन क्षेत्र में फैलते अतिक्रमण को लेकर अब सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है।
हाल ही में हुई एक उच्चस्तरीय बैठक में महाराष्ट्र के वन मंत्री गणेश नाइक ने नवी मुंबई नगर निगम को स्पष्ट निर्देश दिए कि मैंग्रोव इलाकों से अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाया जाए और भविष्य में दोबारा किसी भी प्रकार का कब्जा न हो, इसके लिए ठोस रणनीति बनाई जाए।
इस बैठक में नगर निगम आयुक्त डॉ. कैलास शिंदे, अतिरिक्त आयुक्त डॉ. राहुल गेठे, सिटी इंजीनियर शिरीष अरडवाड, नगर नियोजन अधिकारी सोमनाथ केकन, अतिक्रमण विभाग के अधिकारी कैलाश गायकवाड तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
वन मंत्री नाइक ने कहा कि “मैंग्रोव वन पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं और इनका संरक्षण हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने अतिक्रमण हटाने के बाद उस क्षेत्र की निगरानी और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी उपायों का इस्तेमाल करने पर जोर दिया। इस दौरान नवी मुंबई मनपा आयुक्त डॉ. शिंदे ने जानकारी दी कि अब तक करीब 700 से अधिक झोपड़ियों को हटाया जा चुका है
और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि ड्रोन सर्वे, जीआईएस मैपिंग और कैमरा निगरानी जैसे आधुनिक तकनीकी साधनों का प्रयोग किया जा रहा है ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण रोका जा सके।
वन मंत्री ने नगर निगम को निर्देश दिया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी जाए और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जाए।
इस बैठक ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अब मैंग्रोव क्षेत्र में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण सहन नहीं किया जाएगा।
पर्यावरण की रक्षा और भविष्य की पीढ़ियों के लिए इन प्राकृतिक संपदाओं को संरक्षित रखना प्रशासन की प्राथमिकता होगी।

Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।