रामसनेहीघाट बाराबंकी : नगर पंचायत रामसनेहीघाट की स्थापना की पांचवीं वर्षगांठ पर आयोजित भव्य समारोह में क्षेत्र के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि रामसनेहीघाट को नगर पंचायत का दर्जा दिलाना केवल एक प्रशासनिक निर्णय नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास की नींव रखने वाला ऐतिहासिक कदम था।
यह परिवर्तन उनके सतत प्रयास, जनभावनाओं और सरकार के सहयोग से संभव हो सका। राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि रामसनेहीघाट को नगर पंचायत बनाए जाने की मांग वर्षों से चली आ रही थी।
क्षेत्रवासियों की इस जायज मांग को उन्होंने शासन स्तर पर लगातार मजबूती से उठाया, जिसके परिणामस्वरूप 20 दिसंबर 2020 को प्रदेश सरकार ने रामसनेहीघाट को नगर पंचायत का दर्जा प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि नगर पंचायत बनने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और विकास कार्य योजनाबद्ध ढंग से तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।
मंत्री ने बताया कि नगर पंचायत बनने से सड़क, नाली, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, पेयजल सहित अन्य शहरी सुविधाओं के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध हुआ, जिससे क्षेत्र की तस्वीर तेजी से बदल रही है।
शासन की विभिन्न योजनाओं का सीधा लाभ अब नगर पंचायत को मिल रहा है, जिससे विकास की गति दोगुनी हो गई है। उन्होंने रामसनेहीघाट को आदर्श नगर पंचायत के रूप में विकसित करने का संकल्प भी दोहराया।
इस दौरान राज्य मंत्री ने नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और प्रशासनिक समन्वय से विकास कार्यों को धरातल पर उतारने में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
यही कारण है कि रामसनेहीघाट को जनपद की आकांक्षी नगर पंचायत का दर्जा प्राप्त हुआ है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में यह नगर पंचायत विकास की मिसाल बनेगी।

समारोह में मंत्री सतीश शर्मा ने स्वच्छता पर विशेष जोर देते हुए उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. ज्ञान प्रकाश यादव एवं अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार चौधरी के साथ सफाई कर्मियों को ड्रेस वितरित कर सम्मानित किया गया।
पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश श्रीवास्तव ने नगर पंचायत गठन में मंत्री सतीश शर्मा की निर्णायक भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि उनके प्रयासों के बिना यह उपलब्धि संभव नहीं थी। उन्होंने प्रेस क्लब की भूमिका की भी सराहना करते हुए पत्रकारों को बधाई दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत अधिशासी अधिकारी संतोष कुमार चौधरी ने किया, जबकि अन्य अतिथियों का स्वागत मनीष श्रीवास्तव ने बुके भेंट कर किया।

समारोह में दरियाबाद नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि, अधिशासी अधिकारी शीलू अवस्थी, भाजपा नेता जवाहरलाल वर्मा, रुपेश प्रताप सिंह, रिंकू सिंह, दीपक वर्मा, सुरेंद्र मिश्रा सहित सभी सभासद और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन विनीत श्रीवास्तव ने किया।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




