रामसनेहीघाट बाराबंकी : कोतवाली क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक और हार्डवेयर की दो दुकानों को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दे दिया।
भवनियापुर खेवली नहर के पास स्थित श्री बालाजी ट्रेडर्स एंड हार्डवेयर और बालाजी इलेक्ट्रॉनिक में हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया है। चोरी की पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
फुटेज में एक शातिर चोर पूरी तसल्ली के साथ सामान समेटता हुआ साफ नजर आ रहा है। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई।
सूचना मिलते ही रामसनेहीघाट पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। काशीपुर गांव निवासी दुकानदार उमेश चंद्र पांडे ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह 11 जनवरी को काम के सिलसिले में दिल्ली गए थे

और 14 जनवरी को लौटे। मकर संक्रांति के चलते 15 जनवरी को दुकान बंद रही। 16 जनवरी को जब दुकान खोली गई और कर्मचारी गोदाम पहुंचा, तब चोरी का खुलासा हुआ।
दुकानदार के मुताबिक, चोर गेट के सहारे गोदाम में दाखिल हुए और बड़ी सफाई से दो लाख रुपये से अधिक का कीमती सामान चुरा ले गए। गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर पूरी वारदात सामने आई।
पीड़ित दुकानदार ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया है। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज खंगाली। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है

और जल्द ही चोरी की वारदात का खुलासा किया जाएगा। इस दुस्साहसिक चोरी की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है और वे रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




