लखनऊ : पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मोबाइल नेटवर्क की गुणवत्ता और वास्तविक प्रदर्शन का आकलन करने के लिए भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने सहारनपुर और मुजफ्फरनगर में इंडिपेंडेंट ड्राइव टेस्ट (IDT) कराया।
यह परीक्षण जनवरी 2026 के दौरान किया गया, जिसमें मोबाइल सेवाओं की वास्तविक स्थिति को समझने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में नेटवर्क की जांच की गई।
TRAI की ओर से नियुक्त एजेंसी ने 20 से 23 जनवरी 2026 के बीच सहारनपुर और मुजफ्फरनगर शहर तथा आसपास के इलाकों में करीब 338.4 किलोमीटर का सिटी ड्राइव टेस्ट और लगभग 3.8 किलोमीटर का वॉक टेस्ट किया।
इस दौरान 2G, 3G, 4G और 5G नेटवर्क पर लाइव कॉल और डेटा सेशन स्थापित कर विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के प्रदर्शन को रिकॉर्ड किया गया।
टेस्ट में एयरटेल, बीएसएनएल, रिलायंस जियो और वोडाफोन-आइडिया के सिम कार्ड का उपयोग करते हुए उन्नत टेस्ट हैंडसेट से कॉल और डेटा सेवाओं की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया गया।
परीक्षण के दौरान कॉल सेटअप सक्सेस रेट, कॉल ड्रॉप रेट, कॉल सेटअप टाइम और स्पीच क्वालिटी जैसे वॉयस पैरामीटर की जांच की गई। वहीं डेटा सेवाओं में डाउनलोड-अपलोड स्पीड, लेटेंसी, जिटर और पैकेट ड्रॉप रेट जैसे तकनीकी पहलुओं को परखा गया।
रिपोर्ट के अनुसार कॉल सेटअप सक्सेस रेट में रिलायंस जियो और एयरटेल का प्रदर्शन बेहतर रहा, जबकि बीएसएनएल और वोडाफोन-आइडिया के आंकड़े अपेक्षाकृत कम पाए गए। ड्रॉप कॉल रेट में एयरटेल का प्रदर्शन सबसे बेहतर दर्ज किया गया।

डेटा स्पीड के मामले में भी जियो और एयरटेल आगे रहे, जबकि बीएसएनएल की औसत डाउनलोड और अपलोड स्पीड कम पाई गई। ड्राइव टेस्ट के दौरान कुछ मार्गों पर सिग्नल की कमजोरी भी दर्ज की गई, खासकर बीएसएनएल नेटवर्क में अपेक्षाकृत अधिक हिस्से पर सिग्नल कमजोर पाया गया।
TRAI ने परीक्षण के निष्कर्ष सभी टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं को भेज दिए हैं ताकि नेटवर्क गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
प्राधिकरण के अनुसार इस तरह के ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य उपभोक्ताओं को बेहतर मोबाइल सेवा उपलब्ध कराना और नेटवर्क गुणवत्ता की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करना है।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



