कुशीनगर : खुले पानी की टंकी में गिरे दो मासूम, दर्दनाक मौत . जिले के खड्डा थाना क्षेत्र अंतर्गत भुजौली गांव में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां घर के बाहर बनी गहरी और खुली पानी की टंकी में गिरने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक बच्चों की पहचान तीन वर्षीय निशान और चार वर्षीय आर्यन के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे।
इसी दौरान वे पानी की टंकी के पास पहुंचे, जहां टंकी में पड़े बाल या किसी वस्तु को निकालने की कोशिश में संतुलन बिगड़ गया और दोनों बच्चे टंकी में गिर गए।
गहराई अधिक होने और समय पर किसी की नजर न पड़ने के कारण दोनों की पानी में डूबने से मौत हो गई। कुछ देर बाद जब परिजनों ने बच्चों को आसपास नहीं देखा तो तलाश शुरू की गई।
टंकी में झांकने पर दोनों बच्चों के शव दिखाई दिए, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।

पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने खुले पानी के स्रोतों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




