परसेंडी सीतापुर लेखराज : जिले में एक ओर प्रशासन किसानों को राहत देने और पारदर्शी वितरण प्रणाली की बात कर रहा है, वहीं दूसरी ओर कुछ समितियां खुलेआम सरकारी नियमों की धज्जियां उड़ा रही हैं।
ऐसा ही एक मामला परसेंडी विकासखंड के साधन सहकारी समिति परसेंडी से सामने आया है, जहां समिति के प्रबंधक साजन शुक्ला पर किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं।
किसानों का कहना है कि समिति द्वारा 1350 रुपये मूल्य की खाद को 1500 रुपये प्रति बोरी में बेचा जा रहा है। इससे क्षेत्र के किसान आर्थिक रूप से परेशान हैं

और कई बार विरोध जताने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्राम पंचायत परसेंडी के किसान राजेंद्र धिमौरा ने बताया कि समिति खुलेआम शासन की निर्धारित दरों की अनदेखी कर रही है।
हम किसानों से अतिरिक्त वसूली की जा रही है। जब हमने रसीद मांगने की बात की तो कर्मचारियों ने टालमटोल रवैया अपनाया,” किसान ने कहा।
किसानों ने इस पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी सीतापुर डॉ. राजा गणपति आर. से की है और दोषियों के खिलाफ जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय किसानों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे सामूहिक रूप से प्रदर्शन करेंगे। ग्रामीणों के मुताबिक यह पहली बार नहीं है
जब समिति पर इस तरह के आरोप लगे हों। इससे पहले भी खाद वितरण को लेकर शिकायतें उठ चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साधे रहे।

अब देखना यह है कि नवागत जिलाधिकारी, जो लगातार जिलें में औचक निरीक्षणों और सख्त कार्रवाई के लिए जाने जा रहे हैं, इस मामले में क्या रुख अपनाते हैं — क्या कार्रवाई होगी या किसान फिर सिस्टम के शिकार बनेंगे?
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




