अहमदपुर बाराबंकी : लबों पर दुआएं, फिजा में नारों की गूंज और अपनों की आंखों में खुशी के आंसू… कस्बा अहमदपुर में सोमवार की रात ऐसा ही भावुक नजारा देखने को मिला, जब अलग-अलग परिवारों के करीब आठ जायरीन उमराह के मुकद्दस सफर पर रवाना हुए।
उनकी रवानगी के मौके पर हजारों की संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे जुटे। लोगों ने नारे लगाते हुए जायरीन को विदाई दी और उनके सुरक्षित सफर व इबादत की कुबूलियत के लिए दुआएं कीं।
उमराह के लिए रवाना होने वाले जायरीन को विदा करने के लिए कस्बे और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। माहौल में धार्मिक उत्साह और आपसी भाईचारे की झलक दिखाई दी।
कोई जायरीन से गले मिलकर मुबारकबाद दे रहा था तो कोई उनके सफर की सलामती के लिए दुआ कर रहा था। परिजनों और रिश्तेदारों ने भी नम आंखों और दुआओं के साथ उन्हें विदा किया।
मक्का मुकर्रमा में खान-ए-काबा की जियारत और मदीना मुनव्वरा में मस्जिद-ए-नबवी में हाजिरी हर मुसलमान की दिली तमन्ना होती है।
इसी पाक ख्वाहिश को पूरा करने के लिए अहमदपुर के आठ जायरीन सोमवार रात अपने सफर पर निकले। उनकी रवानगी को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा और देर रात तक इस मौके की चर्चा होती रही।
अमन-चैन और खुशहाली की मांगी दुआ
जायरीन की रवानगी के मौके पर लोगों ने मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआएं कीं।
साथ ही आठों जायरीन की यात्रा सकुशल पूरी होने और उन्हें इबादत का भरपूर सवाब मिलने की कामना की। हजारों लोगों की मौजूदगी और दुआओं के बीच उमराह के लिए हुई यह रवानगी अहमदपुर में यादगार बन गई।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




