लखनऊ : Science City लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय नव प्रवर्तक महोत्सव का समापन पुरस्कार वितरण के साथ भव्य रूप से हुआ। इस महोत्सव में स्कूल, कॉलेज और जमीनी स्तर के नवप्रवर्तकों ने अपने-अपने नवाचारों के जरिए विज्ञान संस्कृति को बढ़ावा दिया।
आयोजन में बच्चों के लिए ड्रोन वर्कशॉप, इनोवेशन चैलेंज और एनएक्सटी रोबोटिक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। साथ ही प्रसिद्ध वैज्ञानिकों ने व्याख्यान दिए, जिनसे उपस्थित लोगों को नई जानकारी और प्रेरणा मिली।
महोत्सव में प्रदर्शित नवाचारों में समाज की जमीनी समस्याओं का समाधान देखने को मिला। सेंट जोसेफ कॉलेज के विद्यार्थियों ने “सेफ एंड सिक्योर ओवर ब्रिज” मॉडल प्रस्तुत किया, जिसमें चाइनीज मांझे का उपयोग बंद कर सुरक्षित पुल बनाकर दुर्घटनाओं को रोका जा सकेगा।
यह मॉडल सभी की प्रशंसा का केंद्र बना। इसके अलावा, एक ऐसा सिस्टम भी दिखाया गया जो भूकंप आने की सूचना मोबाइल पर 3 सेकंड के भीतर भेज सकता है।
वहीं, कुत्तों के काटने की घटनाओं को रोकने हेतु ऐसा डिवाइस भी पेश किया गया जो कुत्ता पास आने पर खुद ही पीछे हट जाता है। प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए नवप्रवर्तकों ने अपने-अपने मॉडल और प्रोजेक्ट से महोत्सव को जीवंत बनाया।

कुल मिलाकर 100 से अधिक मॉडल और नवाचारों का प्रदर्शन हुआ। विज्ञान नगरी के परियोजना समन्वयक स्वरूप मंडल ने कहा कि नव प्रवर्तक महोत्सव का उद्देश्य विज्ञान संस्कृति को व्यापक स्तर पर फैलाना है।
पुरस्कार वितरण के समय डॉ. वी. षी. सेठ ने “जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान” के साथ “जय अनुसंधान” की भावना को बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि युवा विज्ञान के क्षेत्र में सक्रिय रूप से योगदान दें।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



