आफताब शेख
मुंबई : मुंबई मेट्रो 3 परियोजना को एक बड़ी सफलता की ओर बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने गुरुवार को बीकेसी से आचार्य अत्रे चौक तक की मेट्रो सेवा (फेज 2ए) का उद्घाटन किया।
9.77 किलोमीटर लंबी इस भूमिगत लाइन के शुभारंभ अवसर पर जापान के महावाणिज्य दूत यागी कोजी सान, बृहन्मुंबई नगर निगम के आयुक्त भूषण गगरानी, कार्यवाहक मुख्य सचिव राजेश कुमार, मुंबई मेट्रो की प्रबंध निदेशक अश्विनी भिडे समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बताया कि मेट्रो लाइन-3 के अंतिम खंड, आचार्य अत्रे चौक से कोलाबा तक की सेवा का उद्घाटन अगस्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा।
उन्होंने मेट्रो 3 को इंजीनियरिंग का चमत्कार बताते हुए कहा कि यह लाइन मीठी नदी के नीचे और भीड़भाड़ वाले गिरगांव जैसे इलाकों से होकर गुजरती है, जहां पर निर्माण कार्य बड़ी कुशलता से किया गया।
मेट्रो से मिलेगी राहत, बढ़ेगी कनेक्टिविटी :-
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक कुल 22 किलोमीटर मेट्रो सेवा शुरू हो चुकी है और मेट्रो 3 का कार्य अंतिम चरण में है। इसके पूर्ण रूप से चालू होने पर यह लाइन हवाई अड्डों को भी जोड़ेगी।
आरे जेवीएलआर से बीकेसी तक 13 किमी मार्ग 7 अक्टूबर 2024 को चालू किया गया था और अब बीकेसी से आचार्य अत्रे चौक तक सेवा आम नागरिकों के लिए उपलब्ध हो गई है।
उपमुख्यमंत्री शिंदे ने कहा :–
मेट्रो मुंबई के लिए वरदान इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि मेट्रो से मुंबई के लाखों नागरिकों को राहत मिलेगी।
इससे वाहनों की संख्या में भारी कमी आएगी, जिससे ईंधन व समय की बचत के साथ-साथ प्रदूषण में भी कटौती होगी।
उन्होंने कहा कि मेट्रो परियोजना ग्रेटर मुंबई के लिए वरदान साबित होगी और सड़कों पर 50% तक ट्रैफिक कम हो जाएगा।
सार्वजनिक परिवहन के लिए एकीकृत टिकट प्रणाली पर काम फडणवीस ने बताया कि मेट्रो, बेस्ट और लोकल ट्रेन जैसे सभी सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को एकीकृत करने की दिशा में कार्य हो रहा है, जिससे यात्री एक ही टिकट पर यात्रा कर सकें। यह व्यवस्था पहले मुंबई में शुरू होगी और फिर ग्रेटर मुंबई में लागू की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बेस्ट ने हाल ही में गूगल सेवाओं के साथ समझौता किया है, जिससे यात्रियों को बसों की वास्तविक समय की जानकारी भी उपलब्ध होगी।
फेज 2ए मेट्रो लाइन की प्रमुख जानकारी
स्टेशन: 6 (सभी भूमिगत)
दूरी: 9.77 किमी
यात्रा समय: 15 मिनट 20 सेकंड
किराया: न्यूनतम ₹10, अधिकतम ₹40
कारों की संख्या: 8
राउंड: 244 प्रतिदिन
कुल एस्केलेटर: 208, लिफ्टें: 67
कनेक्टिविटी बढ़ेगी :-
बीकेसी को भविष्य में मेट्रो लाइन 2बी और बुलेट ट्रेन से जोड़ा जाएगा। यह मेट्रो लाइन धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों जैसे सिद्धिविनायक मंदिर, माहिम दरगाह, शिवाजी पार्क, रवीन्द्र नाट्य मंदिर, और प्लाजा सिनेमा को भी जोड़ेगी, जिससे नागरिकों की यात्रा और अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।

Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।