रामकोला कुशीनगर : Paudharopan तैयारियों में लापरवाही, सीडीओ ने कार्रवाई के दिए निर्देश . विकासखंड रामकोला के सपहा गांव में पौधारोपण कार्यक्रम की तैयारियां अधूरी मिलने पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) वंदिता श्रीवास्तव नाराज हो गईं।
निरीक्षण के दौरान वृक्षारोपण के लिए पौधे तो उपलब्ध मिले, लेकिन गड्ढे नहीं खोदे गए थे। इस पर उन्होंने बिना पौधारोपण किए ही वापस लौटते हुए चार जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
गुरुवार को सीडीओ वीबीजी राम योजना के अंतर्गत श्रमिकों को संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी देने सपहा गांव पहुंची थीं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि पौधारोपण के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी नहीं थीं।
मौके पर गड्ढे नहीं खोदे गए थे और मास्टर रोल के अनुसार कार्यरत श्रमिक भी अनुपस्थित मिले। लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सीडीओ ने खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) को ग्राम सचिव, रोजगार सेवक, एपीओ तथा तकनीकी सहायक (टीए) के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जानी चाहिए।

सीडीओ के सख्त तेवर देखकर विकासखंड स्तर के अधिकारियों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। उनके लौटने के बाद दोपहर करीब तीन बजे तकनीकी सहायक दुर्गेश प्रसाद ने श्रमिकों को बुलाकर गड्ढे खुदवाने का कार्य शुरू कराया। निरीक्षण के दौरान कार्यक्रम अधिकारी विजय कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



