Search
Close this search box.

मूसलधार बारिश से ठाणे बेहाल जलभराव और जाम ने बढ़ाई मुश्किलें

Thane Rain

Share this post

ठाणे : मूसलधार बारिश ने ठाणे शहर का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कुछ ही घंटों की बारिश में कई इलाकों में जलभराव हो गया,

जबकि घोड़बंदर रोड ,मुंबई-नासिक हाईवे, मुंब्रा बायपास,दीवा शीलफाटा, एमआईडीसी-महापे रोड और कशेली-काल्हेर मार्ग पर भीषण ट्रैफिक जाम लग गया।

घंटों तक सड़क पर फंसे रहने से लोगों और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, उपनगरीय लोकल ट्रेनें भी 15 से 20 मिनट की देरी से चलीं।

ठाणे शहर में दोपहर 1:30 बजे तक 64.75 मिमी बारिश दर्ज की गई। ठाणे मार्केट, वंदना सिनेमा, अल्मेडा रोड, गोखले रोड, तीन पेट्रोल पंप, कापूरबावड़ी सहित कई निचले इलाकों में पानी भर गया।

कई स्थानों पर सीवर का गंदा पानी सड़कों पर बहने लगा, जिससे लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। फ्लाईओवर के ऊपर जमा पानी नीचे गिरने से कई स्थानों पर Waterfalls जैसा दृश्य दिखाई दिया।

सबसे अधिक परेशानी शीलफाटा के रशीद कंपाउंड इलाके में देखने को मिली, जहां घुटनों तक पानी भर गया। कई दुकानों में पानी घुस गया, जबकि सड़क किनारे खड़ी दोपहिया और चारपहिया गाड़ियां जलमग्न हो गईं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्यों के दौरान प्राकृतिक नालों को बंद किए जाने से हर बारिश में यह समस्या गंभीर हो जाती है। भिवंडी के कई इलाकों में भी जलभराव और कीचड़ की स्थिति बनी रही।

Thane Rain

उधर, मुंब्रा-शीलफाटा मार्ग पर पानी भरने के कारण यातायात एक लेन से संचालित किया गया, जिससे मुंब्रा बायपास, शीलफाटा-महापे रोड और मुंब्रा वाई जंक्शन तक लंबा जाम लग गया। ठाणे से नवी मुंबई और पनवेल की ओर जाने वाला यातायात घंटों तक लगभग ठप रहा।

theswordofindia
Author: theswordofindia

Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।