छिबरामऊ (कन्नौज) : अनियंत्रित वाहन गिरा खाईं में” रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना छिबरामऊ थाना क्षेत्र के खोजपुर पेट्रोल पंप के पास की है, जहां एक तेज़ रफ्तार फोर व्हीलर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाईं में जा गिरी।
यह हादसा उस वक्त हुआ जब नवीन मंडी गोपाल नगर के निवासी विपिन कुमार (पुत्र जन्वेश कुमार, उम्र 26 वर्ष) अपनी ससुराल कुदरकोट से परिवार समेत लौट रहे थे।
कार में उनके साथ उनकी पत्नी अंजलि (25 वर्ष), बेटी सौम्या (4 वर्ष), छोटी बेटी मिस्ठी (ढाई वर्ष), बेटा शुभांशु (5 माह), तथा छोटी भाभी नेहा (पत्नी संजय कुमार, उम्र 22 वर्ष) सवार थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विपिन की गाड़ी जैसे ही खोजपुर पेट्रोल पंप के सामने पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे जा गिरी।
आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। संयोगवश, उसी समय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुपम बाजपेई घटनास्थल से गुजर रहे थे।
उन्होंने बिना देर किए सभी घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चार की हालत गंभीर देखते हुए विपिन, अंजलि, नेहा और सौम्या को बेहतर इलाज के लिए तिर्वा मेडिकल कॉलेज, कन्नौज रेफर कर दिया।
वहीं मिस्ठी और शुभांशु को भी मामूली चोटें आई हैं, लेकिन उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस को भी घटना की सूचना दे दी गई है,
और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। परिजनों व परिचितों में हादसे के बाद से ही शोक और चिंता का माहौल है।
यह सड़क हादसा एक बार फिर से सड़क सुरक्षा और तेज़ रफ्तार गाड़ी चलाने के खतरों की ओर ध्यान दिलाता है। प्रशासन से भी मांग की जा रही है कि इस स्थान पर उचित संकेतक और बैरिकेडिंग की व्यवस्था कराई जाए ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं रोकी जा सकें।

Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।