खड्डा, कुशीनगर : 05 अगस्त 2025 ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खड्डा ने मंगलवार को खड्डा तहसील के उपजिलाधिकारी को जनहित से जुड़ी पांच महत्वपूर्ण मांगों को लेकर एक ज्ञापन सौंपा।
ब्लॉक अध्यक्ष अनिरुद्ध गुप्ता के नेतृत्व और प्रकाश बहादुर मास्टर की अध्यक्षता में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने यह ज्ञापन सौंपते हुए जिला प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख मुद्दा क्षेत्र में यूरिया खाद की भारी किल्लत को बताया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि किसान समय से खाद न मिलने के कारण अपनी फसल को लेकर परेशान हैं। बिचौलियों द्वारा ऊंचे दामों पर खाद बेचे जाने की शिकायत करते हुए, कांग्रेस कमेटी ने जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
साथ ही, समितियों और एजेंसियों को आवंटित यूरिया की स्टॉक और बिक्री की जांच कराने की मांग भी ज्ञापन में दर्ज की गई। दूसरी बड़ी मांग रेल सुविधाओं को लेकर रखी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गोरखपुर से नरकटियागंज के बीच चलने वाली सभी पैसेंजर ट्रेनों का संचालन नियमित समय पर सुनिश्चित किया जाए।
खड्डा स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, स्वच्छ पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, शौचालय एवं मूत्रालय जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने की भी आवश्यकता जताई गई। तीसरे मुद्दे के तहत नगर पंचायत खड्डा द्वारा अंत्येष्टि स्थलों और विवाह भवन निर्माण में भ्रष्टाचार की जांच की मांग की गई है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्यों में भारी अनियमितता की गई है, जिससे नागरिकों को बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। चौथी मांग नगर पंचायत में प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे कार्य को दोबारा शुरू करने की रही। कार्यकर्ताओं ने कहा कि शासनादेश के अनुसार यूनिक आईडी कोड निर्धारण के लिए डोर-टू-डोर डाटा संग्रहण रुका हुआ है

जिसे पुनः चालू किया जाए। अंत में, चेतावनी देते हुए कांग्रेस कमेटी ने कहा कि यदि एक माह के भीतर इन मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे, जिसकी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। इस अवसर पर धनंजय सिंह पहलवान, डॉ. एन.टी. खान, महेंद्र गुप्ता, रविकांत प्रजापति, बलिराज विश्वकर्मा, रमाशंकर चौरसिया, अमर चंद जायसवाल सहित दर्जनों कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




