दुदही कुशीनगर : दुदही विकास खंड के ग्राम पंचायत दुमही में शहीद चन्द्रभान चौरसिया के नाम से प्रस्तावित बलिदानी स्मारक के निर्माण में लंबे समय से चली आ रही उदासीनता पर अब प्रशासन ने कड़ा रुख अपना लिया है।
शहीद की पत्नी पिंकी कुमारी चौरसिया द्वारा जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर को दिए गए प्रार्थना पत्र के क्रम में मुख्य विकास अधिकारी के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने स्मारक स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य को नये सिरे से तय मानकों के अनुसार कराए जाने के स्पष्ट निर्देश दिए।
प्रार्थना पत्र में बताया गया था कि पूर्व में शहीद स्मारक के लिए 20 डिस्मील भूमि आवंटित की गई थी, जिस पर बाउंड्रीवॉल का निर्माण कराया गया, लेकिन कार्य मानक के अनुरूप नहीं था।
इस संबंध में शिकायत पर कराई गई जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर शहीद स्मारक के पुनर्निर्माण के लिए 35 लाख रुपये का आवंटन स्वीकृत किया गया, बावजूद इसके अब तक निर्माण कार्य शुरू न होना प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता रहा।
इसी क्रम में बुधवार की सायं चार बजे मुख्य विकास अधिकारी वनिता श्रीवासंतव ने ने उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा, प्रमुख लल्लन प्रसाद, खंड विकास अधिकारी केके राय व अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में बलिदानी स्मारक स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कम भूमि की स्थिति को देखते हुए मौजूदा बाउंड्रीवॉल को तोड़कर दो मीटर तक बढ़ाने व बाउंड्रीवॉल की ऊंचाई तीन फीट और बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण में बाउंड्रीवॉल का प्लास्टर अधोमानक पाए जाने पर उसे तत्काल उतरवाकर नया प्लास्टर कराने व उस पर टाइलीकरण कराने का आदेश दिया गया।
इसके साथ ही स्मारक परिसर में मंच व गेट निर्माण, प्रतिमा के ऊपर छत्र स्थापित करने व राष्ट्रीय ध्वज लगाए जाने के निर्देश दिए गए।
स्मारक की गरिमा बढ़ाने के लिए हाईमास्ट लाइट, बलिदानी की प्रतिमा के समक्ष थ्री डी लाइट लगाए जाने व सड़क व स्मारक स्थल के बीच इंटरलाकिंग कराए जाने के निर्देश भी जारी किए गए।

सीडीओ ने कहा कि शहीद के सम्मान से जुड़ा यह कार्य किसी भी स्थिति में और लंबित नहीं रहने दिया जाएगा व निर्माण कार्य शीघ्र प्रारम्भ कराया जाएगा। इस दौरान प्रधान प्रतिनिधि रामचंद्र राय, भाजपा नेता जितेंद्र गुप्ता, शिशांत भाटिया, सुरेंद्र गुप्ता, राजकुमार गुप्ता, विनोद शर्मी, नंदलाल प्रसाद, वृजकिशोर खरवार, टाइगर आदि मौजूद रहे।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।




