बाराबंकी : Deva Mela 2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
शनिवार को जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने मेला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस दौरान अधिकारियों और मेला कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा–निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान पेयजल, साफ–सफाई, प्रकाश व्यवस्था, अस्थायी शौचालय, पार्किंग और आवागमन मार्गों की स्थिति देखी गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सभी कमियों को समय रहते दूर करने और जायरीन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस, दवाओं और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं, विद्युत विभाग को प्रमुख मार्गों और स्थलों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने के निर्देश मिले। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
प्रवेश–निकास द्वारों, पार्किंग स्थलों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल तैनात करने, सीसीटीवी से निगरानी रखने तथा महिला जायरीन की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम करने को कहा गया।
अधिकारियों ने अग्निशमन व्यवस्था मजबूत रखने, अतिक्रमण हटाने और यातायात सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पंकज वर्मा, अपर जिलाधिकारी निरंकार सिंह सहित संबंधित अधिकारी और मेला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।





