हरदोई : भारतीय जनता पार्टी ने मनाई अटलजी की 100वीं जयंती , भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी ने जिला कार्यालय सहित सभी बूथों और मंडलों में “सुशासन दिवस” के रूप में कार्यक्रम आयोजित किए।
जिला कार्यालय में अटलजी के जीवन पर आधारित प्रदर्शनी का उद्घाटन कर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नितिन अग्रवाल ने अटलजी के देश के प्रति समर्पण को याद करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नितिन अग्रवाल ने कहा कि अटलजी का जीवन देशहित को समर्पित रहा।
उन्होंने अंतरराष्ट्रीय दबाव और राजनीतिक परिस्थितियों के बावजूद देश के विकास को प्राथमिकता दी। पोखरण परमाणु परीक्षण, सर्व शिक्षा अभियान, पोटा कानून, और दूरसंचार क्रांति जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियां उनके नेतृत्व में ही संभव हुईं। उन्होंने निजीकरण और विनिवेश की पहल करते हुए देश को नई आर्थिक दिशा दी।
मंत्री ने अटलजी को एक दूरदर्शी नेता बताया, जिन्होंने विविध विचारधाराओं को जोड़ने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का कार्य किया।
उन्होंने कहा कि अटलजी का व्यक्तित्व और उनके विचार आज भी राष्ट्र को प्रेरित करते हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने इस अवसर पर कहा कि 25 दिसंबर का दिन भारतीय राजनीति और जनमानस के लिए “सुशासन का अटल दिवस” है।
उन्होंने कहा कि अटलजी ने अपनी सहजता और सरलता से लोगों के दिलों में स्थान बनाया। उनके संसद में कहे शब्द, “सरकारें आएंगी-जाएंगी, पार्टियां बनेंगी-बिगड़ेंगी, मगर यह देश रहना चाहिए,” आज भी प्रासंगिक हैं।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती, पूर्व जिला अध्यक्ष राजीव रंजन मिश्रा, राम बहादुर सिंह, और अन्य प्रमुख नेताओं ने अटलजी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि अटलजी ने गठबंधन की राजनीति को नई परिभाषा दी और एनडीए को देश की प्रगति का प्रतीक बनाया। इस कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
प्रदर्शनी संयोजक प्रीतेश दीक्षित और अन्य पदाधिकारियों ने आयोजन को सफल बनाने में योगदान दिया।

Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।