मसौली बाराबंकी : GST जागरूकता कार्यक्रम में छह उद्यमियों को मिला सम्मान . राज्य कर विभाग की पहल पर सोमवार को मेंथा मंडी मसौली चौराहे पर व्यापारी-अधिकारी संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में राज्य कर उपायुक्त विकास कुमार सेठ ने व्यापारियों की समस्याएं सुनीं और जीएसटी से संबंधित विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी।
व्यापारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने जीएसटी 2.0 के तहत लागू नए सुधारों की जानकारी देते हुए कहा कि समय पर पंजीकरण प्राप्त करना नियमित रिटर्न दाखिल करना और कर नियमों का पालन करना व्यावसायिक गतिविधियों को अधिक पारदर्शी एवं सुरक्षित बनाता है।
उन्होंने ई-इनवॉइसिंग इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के प्रावधानों तथा आसान रिटर्न फाइलिंग की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही ई-वे बिल की वैधता कैंसिलेशन और नए पंजीकरण नियमों के संबंध में भी व्यापारियों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में व्यापारियों की जीएसटी रिटर्न और विभागीय नोटिस से जुड़ी व्यावहारिक समस्याओं पर चर्चा की गई। उपायुक्त ने मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये तक के निःशुल्क बीमा कवर की जानकारी भी दी।
सहायक आयुक्त ज्योत्स्ना सिंह ने व्यापारियों को जीएसटी पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी अपडेट करने के लिए प्रेरित किया जिससे विभाग द्वारा भेजी जाने वाली सूचनाएं समय पर प्राप्त हो सकें।
उन्होंने जीएसटी पोर्टल की तकनीकी प्रक्रियाओं ई इनवॉइसिंग आईटीसी तथा पंजीकरण संबंधी नियम 14-ए के नए प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।

राज्य कर अधिकारी भावेश तिवारी एवं राम तीरथ प्रसाद ने मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के लाभों और समय पर रिटर्न दाखिल करने के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में व्यापारियों की कर संबंधी समस्याओं को सुनकर उनके सुझावों पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
कर अनुपालन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह उद्यमियों शेखर सिंह, शकील अहमद सिद्दीकी, प्रेम किशोर वर्मा, राकेश कुमार सोनी, लक्ष्मीकान्त गुप्ता एवं अंकित गुप्ता को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर व्यापार मंडल के पदाधिकारी प्रदीप कुमार जैन सहित अनेक अधिवक्ता, क्षेत्रीय व्यापारी एवं राज्य कर विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



