मसौली बाराबंकी : Mission शक्ति पहल से दंपति में बनी सहमति पुनर्मिलन सफल . महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को समर्पित मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना मसौली पुलिस द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए पति-पत्नी के बीच चल रहे घरेलू विवाद का शांतिपूर्ण समाधान कराया गया।
शुक्रवार को परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित काउंसलिंग के दौरान दोनों पक्षों की आपसी सहमति से सुलह-समझौता सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र की निवासी एक महिला ने अपने पति के विरुद्ध मारपीट व प्रताड़ना को लेकर प्रार्थना पत्र दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा दोनों पक्षों को परिवार परामर्श केंद्र में उपस्थित होने के लिए बुलाया गया।
मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में थाना मसौली मिशन शक्ति टीम लगातार महिला संबंधी मामलों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।
परामर्श प्रक्रिया के दौरान उपनिरीक्षक कस्बा प्रभारी अभय गुप्ता एवं महिला आरक्षी किरण ने पति-पत्नी से अलग-अलग तथा संयुक्त रूप से बातचीत की। दोनों के बीच उत्पन्न हुए मतभेदों, गलतफहमियों और पारिवारिक तनाव के कारणों को विस्तार से समझा गया।
टीम द्वारा संयम, आपसी संवाद, पारिवारिक जिम्मेदारियों और एक-दूसरे के सम्मान का महत्व समझाया गया। लगातार संवाद और समझाइश के बाद दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी गलतियों को स्वीकार किया और भविष्य में आपसी तालमेल से जीवन व्यतीत करने का भरोसा जताया।

अंततः पति-पत्नी साथ रहने और अपने रिश्ते को एक और अवसर देने पर सहमत हो गए। स्थानीय लोगों ने मिशन शक्ति टीम की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास समाज में पारिवारिक संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस का यह कदम न केवल कानून व्यवस्था बल्कि सामाजिक सौहार्द की दिशा में भी एक सकारात्मक उदाहरण है।
Author: theswordofindia
Latest News Uttar Pradesh और News Portal Lucknow पर पढ़ें ताज़ा खबरें। उत्तर प्रदेश समाचार पोर्टल और हिंदी न्यूज़ पोर्टल 'The Sword of India News' से जुड़ी राजनीति, व्यापार, अपराध और चुनाव की हर अपडेट सबसे पहले पाएँ।



